साइबर ठगी से बचाव का पाठ, 3000 विद्यार्थियों को कोरबा पुलिस ने किया जागरूक
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
यूपीआई, बैंक ठगी से लेकर संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल तक दी गई जानकारी, पुलिस ने 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील की
कोरबा, 20 अगस्त 2026। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आज विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 3000 विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान सिविल लाइन क्षेत्र के प्रशिक्षण संस्थानों, पाली के शासकीय उच्च विद्यालय, स्वामी आत्मानंद विद्यालय पोड़ी, कटघोरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोतवाली क्षेत्र के कमला नेहरू महाविद्यालय, दीपका के शासकीय महाविद्यालय, बांकीमोंगरा के शासकीय नवीन महाविद्यालय एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दर्री क्षेत्र के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, स्वामी आत्मानंद विद्यालय अयोध्यापुरी तथा लेमरू के एकलव्य विद्यालय देवपहरी में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को यूपीआई ठगी, बैंक धोखाधड़ी, साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट और संदिग्ध एपीके फाइलों से होने वाले खतरों के बारे में समझाया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से चेताया गया कि वे अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल अनुप्रयोग डाउनलोड करने अथवा फोन पर मांगी गई गोपनीय जानकारी साझा करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहें।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को रोकने और आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
कोरबा पुलिस ने कहा कि डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित उपयोग प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और दूसरों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































