जीवन दीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और अस्पतालों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
सूरजपुर ACGN:- जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और मौजूदा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जीवन दीप समिति के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य, मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं, अस्पताल परिसर की सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन, कार्य अवधि में वृद्धि और अन्य आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। जनसमुदाय की जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने तथा अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार योग्य कर्मचारियों को नियमानुसार अनुमोदन प्राप्त कर कार्य पर रखने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शासकीय चिकित्सकों को अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और निजी प्रैक्टिस से दूर रहने की नसीहत दी। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों को देखते हुए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अस्पतालों की व्यवस्थाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर उनका वास्तविक लाभ मरीजों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों की सुविधा और उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, नगर पालिका परिषद सूरजपुर अध्यक्ष कुसुमलता सुरेंद्र राजवाड़े, मुरली मनोहर सोनी, राजेश्वर तिवारी, अजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल पैकरा सहित जीवन दीप समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































