24 घंटे में चोरी का खुलासा, ढाबा और गैरेज से चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
छाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
रायगढ़ ACGN:- रायगढ़ जिले की छाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाबा और गैरेज में हुई चोरी की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया एंड्रॉयड मोबाइल, दो प्रेसर जैक तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और सक्रिय मुखबिर तंत्र का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत थाना छाल पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में ग्राम हाटी स्थित मितान ढाबा एवं समीप के एक गैरेज में हुई चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बताया गया कि 26 जुलाई 2026 को मितान ढाबा के संचालक भागीरथी साहू (42 वर्ष) ने थाना छाल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जुलाई की रात करीब 11 बजे ढाबा बंद करने के बाद सभी कर्मचारी सो गए थे। अगले दिन सुबह जब वे उठे तो बिल काउंटर पर रखा उनका वीवो वाय-12 मोबाइल फोन गायब था तथा काउंटर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसी दौरान ढाबे के समीप स्थित गैरेज संचालक अशरफ अली ने भी अपने गैरेज से दो प्रेसर जैक चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर थाना छाल में अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 301(4) एवं 305(ए) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया। फुटेज में रात लगभग 2:15 बजे एक युवक पहले ढाबे के बिल काउंटर से मोबाइल चोरी करता हुआ और उसके बाद समीप स्थित गैरेज से दो प्रेसर जैक मोटरसाइकिल में ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹17,000 आंकी गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिससे ग्राम कुडेकेला निवासी महेश दास महंत पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने बोकरामुड़ा और रिलो के बीच जंगल में छिपाकर रखे गए दो प्रेसर जैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BC 0658 भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश दास महंत (32 वर्ष), पिता बिरजू उर्फ तेजू दास महंत, निवासी ग्राम कुडेकेला, थाना छाल, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 27 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करने में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्रिय तथा आरक्षक भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और प्रभावी मुखबिर तंत्र के समन्वय से आरोपी तक शीघ्र पहुंचना संभव हो सका।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने छाल पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित विवेचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का सफल खुलासा कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें, नकदी एवं कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनता की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































