उधार के 5 हजार रुपये को लेकर युवक की हत्या, शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
गुढ़ियारी पुलिस ने 3 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में उधार दिए गए पांच हजार रुपये वापस मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों और दो विधि से संघर्षरत बालकों ने मिलकर 19 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसके शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। सूचना पर गुढ़ियारी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 55/2026 के तहत जांच शुरू की। मृतक की पहचान प्रीतम साहू पिता शिवकुमार साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई।
शव के पंचनामा एवं प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर धारदार वस्तु से चोट के निशान दिखाई दिए। इससे मामला सामान्य रेल दुर्घटना का न होकर हत्या से जुड़ा होने की आशंका हुई। पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और जांच तेज कर दी।
सीसीटीवी और पूछताछ से खुला हत्या का राज
पुलिस उपायुक्त अपराध स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौरव मंडल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडेय, सहायक पुलिस आयुक्त नरेश पटेल एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू तथा एसीसीयू/अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने घटनास्थल की परिस्थितियों, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में पुलिस के सामने आया कि मृतक प्रीतम साहू ने आरोपी निखिल ध्रुव को पांच हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि निखिल द्वारा रुपये वापस नहीं किए जा रहे थे और प्रीतम लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर 16 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद और झगड़ा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, निखिल ने प्रीतम से कहा कि वह उसे रेलवे पटरी के पास स्थित एटीएम से पैसे निकालकर दे देगा। इसके बाद वह प्रीतम को अपने साथ रेलवे पटरी की ओर ले गया। वहां निखिल ने अपने साथी दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि हत्या के बाद सभी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से प्रीतम के शव को रेलवे पटरी पर छोड़ दिया और वहां से फरार होकर टिटलागढ़, ओडिशा की ओर चले गए।
छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
निखिल ध्रुव, पिता गोपाल ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी शिव गारमेंट के बगल में, अंडरब्रिज के पास, गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
दीपक साहू, पिता जगदेव साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी सीतानगर, गिरिश चौक, महामाया किराना स्टोर्स के पास, थाना कबीर नगर, रायपुर।
नितिन प्रधान उर्फ सोमू, पिता चंदु प्रधान, उम्र 21 वर्ष, निवासी रामकुंड, ठाकरे चौक, छोटी किराना स्टोर्स के पास, थाना आजाद चौक, रायपुर।
इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी प्रकरण में अभिरक्षा में लिया गया है।
बरामद संपत्ति: घटना में प्रयुक्त चाकू।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। मामले में पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































