रतनपुर में आधी रात लूट की वारदात, पुलिस ने चंद घंटों में 5 आरोपियों को दबोचा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- बिलासपुर
महामाया चौक में युवक से मारपीट कर लूटे थे रुपये, तीन विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए

बिलासपुर, 18 अगस्त 2026। रतनपुर के महामाया चौक में देर रात युवक से डंडे का भय दिखाकर लूटपाट करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान 17 अगस्त की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में उपचार कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जब वे महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचे, तभी एक ऑटो में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की।

युवराज सिंह द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हाथ में रखे डंडे का भय दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी पेंट की जेब से 1,200 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया।
रात में ही शुरू हुई आरोपियों की तलाश :- घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए, ऑटो के नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान ऑटो सवार युवकों के ईमलीभाठा, सरकंडा क्षेत्र के होने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश देकर राहुल दुबे, पवन कुमार गौहर तथा तीन अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 1,000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद कर लिया। आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी :- पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राहुल दुबे पिता रामजी दुबे, उम्र 25 वर्ष, निवासी ईमलीभाठा सरकंडा तथा पवन कुमार गौहर पिता कगरधारी गौहर, उम्र 19 वर्ष, निवासी ईमलीभाठा सरकंडा, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर शामिल हैं। इनके साथ तीन अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से रतनपुर क्षेत्र में देर रात हुई लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, देवानंद चन्द्राकर, बसंत मानिकपुरी, हरनारायण नेटी, मोरध्वज चन्द्रा एवं धनराज कुम्भकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































