लोकसेवा गारंटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर गौरव सिंह ने दिए सख्त निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
शिशु संरक्षण माह और विशेष टीकाकरण अभियान की समीक्षा, जर्जर शासकीय भवनों को हटाने के निर्देश
रायपुर ACGN:- कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विभिन्न शासकीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि लोकसेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।

कलेक्टर ने शासकीय भवनों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शासकीय भवन का कोई हिस्सा यदि जर्जर हो चुका है तो उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए। जर्जर भवन या उसका हिस्सा भविष्य में दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के संबंध में भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रत्येक विभाग अपनी टीम तैयार करे और विभागीय परिसरों तथा आसपास लगे पौधों की सुरक्षा के लिए किए गए कंक्रीट या जालीदार घेराव की समीक्षा करे। जहां ऐसे घेराव के कारण पौधों के विकास में बाधा आ रही है, वहां उन्हें हटाकर पौधों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि पौधों को नया जीवन मिल सके और शहर में हरियाली बढ़ाई जा सके।

शिशु संरक्षण माह में हर मंगलवार और शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य सत्र
बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर संचालित शिशु संरक्षण माह अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिशु संरक्षण माह देशभर में वर्ष में दो चरणों में छह-छह माह के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। इस दौरान जिले में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को आयरन फोलिक अम्ल की दवा और विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। रायपुर जिले में आयरन फोलिक अम्ल के लिए 2 लाख 51 हजार 432 बच्चों तथा विटामिन-ए के लिए 2 लाख 37 हजार 464 बच्चों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिशु संरक्षण माह के साथ जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान भी चलाया जाएगा, जो किसी कारण से नियमित टीकाकरण से छूट गए हैं या जिनका पूर्ण टीकाकरण नहीं हो पाया है। अभियान तीन चरणों में आयोजित होगा। पहला चरण 17 से 24 अगस्त 2026 तक, दूसरा चरण 21 से 28 सितंबर 2026 तक तथा तीसरा चरण 26 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक चलेगा।
इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी और उनकी टीकाकरण स्थिति की जांच कर आवश्यक टीके लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित न रहे।
शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने विभागों में समन्वय के निर्देश

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शिशु संरक्षण माह और विशेष टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के माध्यम से लक्षित बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करने तथा अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से यह सुनिश्चित करें कि पात्र बच्चों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और टीकाकरण का लाभ मिले।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर जिला दंडाधिकारी श्री उमाशंकर बंदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































