लोक कलाकारों के लिए सुनहरा मौका, 31 अगस्त तक करें आवेदन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
चयनित कलाकारों को हर वर्ष 12 से 24 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि, चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ लोक कलाकारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए प्रदेश के कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत इच्छुक कलाकार 31 अगस्त 2026 तक अपनी प्रविष्टियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भेज सकते हैं।

इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षण और प्रोत्साहन देना, कलाकारों के सम्मान को बढ़ाना तथा कला दलों के निरंतर विकास को गति प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्पकला, छत्तीसगढ़ी पाक कला यानी पारंपरिक व्यंजन और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला यानी श्रृंगार से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा इच्छुक कलाकार संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य किया गया है। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-भुगतान के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।

योजना के लिए आय संबंधी पात्रता भी निर्धारित की गई है। कलाकार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके प्रमाण के लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना आवश्यक होगा। इसके अलावा बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करनी होगी।
इच्छुक कलाकार अपनी प्रविष्टियां संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर, छत्तीसगढ़ – 492018 के पते पर भेज सकते हैं। प्रविष्टियां प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भेजते समय लिफाफे के ऊपर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक होगा।

प्राप्त आवेदनों और प्रविष्टियों का परीक्षण निर्धारित समिति द्वारा किया जाएगा। समिति का निर्णय अंतिम और मान्य होगा। योजना के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं से जुड़े कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ अपनी कला को आगे बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में ग्रामीण और पारंपरिक कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे कलाकारों को प्रोत्साहन देने वाली यह योजना कला संरक्षण के साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































