अटल जी के संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ को दी नई पहचान : मुख्यमंत्री साय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन, कहा, सुशासन और अंत्योदय के मार्ग पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल जी के विराट व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा, दूरदर्शी नेतृत्व और छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं को सम्मान देने वाले महान राष्ट्रनायक थे। छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का दर्जा दिलाने का ऐतिहासिक निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम था। उन्होंने इस क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की आवश्यकताओं और वर्षों पुरानी जनभावना को समझते हुए प्रधानमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य के रूप में पहचान दिलाने वाला अटल जी का यह निर्णय प्रदेश के इतिहास में हमेशा स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को अपनी अलग पहचान मिली और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले।
अटल जी से मिले स्नेह और मार्गदर्शन को मुख्यमंत्री ने किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि गहरा आत्मीय और भावनात्मक था। प्रदेश और यहां के लोगों के प्रति उनके मन में विशेष स्नेह था। मुख्यमंत्री श्री साय ने अटल जी के साथ जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें स्वयं श्रद्धेय अटल जी का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।

उन्होंने कहा कि अटल जी का स्नेह और उनका मार्गदर्शन उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में शामिल है। उनके विचार और व्यक्तित्व आज भी उन्हें जनसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
संवेदनशीलता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे अटल जी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता के रूप में देश के जनमानस पर अपनी अमिट छाप छोड़ गए। उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और संवाद में विश्वास रखते थे।
उन्होंने कहा कि अटल जी ऐसे सर्वस्वीकार्य राजनेता थे, जिन्हें राजनीतिक विचारधाराओं की सीमाओं से ऊपर उठकर विभिन्न वर्गों का सम्मान और स्नेह प्राप्त हुआ। राष्ट्रहित उनके लिए हमेशा सर्वोच्च रहा और भारत माता की सेवा उनके जीवन का प्रमुख ध्येय रही।

गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के विकास को दी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन व्यवस्था का आधार बनाकर विकास की ऐसी मजबूत विरासत स्थापित की, जो आज भी देश को दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी।
उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अटल जी के कार्यकाल में किए गए प्रयासों का दूरगामी प्रभाव पड़ा। वहीं जनजातीय समाज के विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता देते हुए उनके कार्यकाल में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। यह निर्णय जनजातीय समुदायों के विकास, अधिकारों और आकांक्षाओं के प्रति उनकी संवेदनशील सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल जी ने विकास की मुख्यधारा को गांव, गरीब, किसान, जनजातीय समाज और वंचित वर्गों तक पहुंचाने के लिए अनेक दूरदर्शी पहल कीं। उनका अंत्योदय का विचार आज भी जनकल्याणकारी शासन के लिए प्रेरणादायी है।

अटल जी के सुशासन और अंत्योदय के मार्ग पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार अटल जी के सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास और सुशासन के नए अध्याय लिख रहा है। सरकार की योजनाओं और प्रयासों का केंद्र गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज हैं। इन वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, उनके विचार और आदर्श नेतृत्व देश और प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। छत्तीसगढ़ के निर्माता के रूप में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके सपनों के अनुरूप समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space










































